18 April 2026

परिषदीय विद्यालयों का समय बदलने की मांग तेज, गर्मी के चलते 7:30 से 12:30 का प्रस्ताव

लखनऊ। प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए परिषदीय विद्यालयों के समय में बदलाव की मांग तेज हो गई है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट) ने विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक करने की मांग उठाई है।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय का कहना है कि इन दिनों तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है, जिससे छोटे बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि गेहूं की कटाई के कारण कई क्षेत्रों में बिजली कटौती भी हो रही है, ऐसे में विद्यालयों में दोपहर के समय बैठना बच्चों के लिए कठिन हो रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि अधिकांश बच्चे दूर-दराज के क्षेत्रों से स्कूल आते हैं और छुट्टी के समय तेज धूप में घर लौटना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए विद्यालयों का समय तत्काल प्रभाव से बदला जाना चाहिए।

शिक्षक संघ ने शासन से जल्द निर्णय लेकर बच्चों के हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।