प्रयागराज, । कर्मचारी चयन आयोग की ओर से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और एसएसएफ में कांस्टेबल (जीडी), असम राइफल्स में राइफलमैन (जीडी) भर्ती 2026 के पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा 27 अप्रैल से मई अंत तक देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपनी सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में से एक कांस्टेबल जीडी से एक नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अभ्यर्थियों को परीक्षा सप्ताह की वरीयता चुनने का विकल्प दिया जा रहा है। परीक्षा चार अलग-अलग चरणों (विंडो) पहला सप्ताह (27 अप्रैल से दो मई), दूसरा सप्ताह (चार से नौ मई), तीसरा सप्ताह (18 से 23 मई) और चौथा सप्ताह (25 से 30 मई) में आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थियों को इन सभी सप्ताहों के लिए अपनी सुविधा के अनुसार प्राथमिकता क्रम देना होगा।
परीक्षा सप्ताह की वरीयता भरने की सुविधा शनिवार दोपहर तीन बजे से शुरू हो गई और 15 अप्रैल की शाम पांच बजे तक उपलब्ध रहेगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को आयोग के पोर्टल पर अपने लॉगिन क्रेडेंशियल्स के माध्यम से प्रवेश विकल्प देना होगा। इस भर्ती में विज्ञापित 25487 पदों के लिए देशभर से 48,83,309 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

