12 April 2026

विश्वविद्यालय दिखाएं उत्तरपुस्तिकाएं: राज्यपाल

प्रयागराज। राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय में 25 नवनिर्मित शैक्षणिक सुविधाओं का बटन दबाकर लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की आवश्यकता पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यदि विश्वविद्यालय छात्र-छात्राओं को उनकी उत्तरपुस्तिकाएं देखने के लिए उपलब्ध कराएं तो इससे विद्यार्थी स्वयं शैक्षणिक कमियों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। अभिभावक भी यह जान पाएंगे कि उनके बच्चों का मूल्यांकन किस आधार पर किया गया है।



राज्यपाल ने कहा कि इस व्यवस्था से छात्रों को आत्ममूल्यांकन का अवसर मिलेगा, जिससे वे भविष्य में अपनी कमजोरियों को दूर कर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने माना कि केवल अंक प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि यह समझना भी जरूरी है कि कहां सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तरपुस्तिकाएं दिखाने की व्यवस्था से परीक्षकों पर निष्पक्ष, सावधानीपूर्वक और जिम्मेदारी से जांच करने का सकारात्मक दबाव बनेगा। इससे मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक विश्वसनीय होगी और अनावश्यक विवादों की संभावना भी कम होगी। राज्यपाल ने इसे शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता, विश्वास और अनुशासन बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने कुलाधिपति को पुष्पगुच्छ प्रदान कर अभिनंदन किया।