बरगद का पेड़ गिरने से शिक्षामित्र की मौत, सड़क पर मचा हड़कंप
भिनगा क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े बरगद के पेड़ की डाल अचानक गिरने से एक शिक्षामित्र की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार रात खुरागौर-सेमरी मार्ग पर सननगर गांव के पास हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर के मुंजहिया गांव निवासी शिक्षामित्र संगमलाल एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने रिश्तेदार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े बरगद के पेड़ की भारी डाल टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भिनगा ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया। वहां से भी स्थिति में सुधार न होने पर ट्रामा सेंटर लखनऊ भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे में बाइक पर पीछे बैठे शिवम को भी हल्की चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि बरगद का पेड़ काफी पुराना था और उसकी डाल पहले से ही जर्जर होकर लटक रही थी। रात में डाल गिरने के बाद सुबह तक पूरा पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गया, जिससे लंबे समय तक यातायात बाधित रहा। बाद में पेड़ हटाकर आवागमन बहाल किया गया।
📌 *इस हादसे ने सड़क किनारे जर्जर पेड़ों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।*

