लखनऊ। तेलीबाग स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय की शुक्रवार को बिजली काटे जाने से स्कूल में पानी की आपूर्ति बंद हो गई जिससे बच्चों को परेशानी हुई। शनिवार को नाराज बच्चों ने स्कूल में प्रदर्शन किया। बच्चों ने कहा कि बिजली व पानी बहाल करो, बिना बिजली पढ़ाई नहीं के नारे लगाए।
अभिभावकों ने प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कुछ देर बाद स्कूल की बिजली आपूर्ति शुरू की। ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। शुक्रवार की सुबह स्कूल की बिजली काट दी गई। पेयजल और शौचालय में पानी की किल्लत हो गई।
सरकारी स्कूलों का बिजली का बिल बेसिक शिक्षा विभाग जमा करता है। प्राथमिक स्कूल में बिजली काटे जाने से पानी की आपूर्ति बंद हो गई।-प्रमेंन्द्र शुक्ला, क्षेत्रीय बीईओ
सात दिन आपूर्ति नहीं रही
शिक्षकों ने बताया कि 15 दिन पहले स्कूल की बिजली काटी गई थी। करीब एक हफ्ते तक बिजली नहीं आई। कई शिकायतों के बाद बिजली जोड़ी गई। शुक्रवार को दोबारा बिजली का बिल जमा न होने पर बिजली काट दी। करीब 24 घंटे बाद शनिवार को बच्चों के प्रदर्शन के बाद बिजली जोड़ी गई।

