सहारनपुर, । नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत के बाद जिले के 15 परिषदीय बेसिक स्कूलों में एक भी नया नामांकन न होने का मामला सामने आया है।
नोटिस जारी
पोर्टल पर शून्य नामांकन दर्ज होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रधानाध्यापकों और इंचार्ज शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) की ओर से स्पष्ट किया गया है कि नामांकन बढ़ाने के लिए लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं, इसके बावजूद कई विद्यालयों में एक भी छात्र का दाखिला नहीं होना चिंता का विषय है। विभाग का मानना है कि इससे बेसिक शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कार्रवाई की चेतावनी
बीएसए ने नोटिस में संबंधित विद्यालयों से यह बताने को कहा है कि नामांकन शून्य रहने के क्या कारण हैं और अब तक दाखिले के लिए क्या प्रयास किए गए। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि तत्काल नामांकन अभियान चलाकर बच्चों को स्कूल से जोड़ा जाए। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि दोबारा समीक्षा में यदि स्थिति में सुधार नहीं मिला तो संबंधित शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हालांकि कुछ अधिकारियों का यह भी कहना है कि पोर्टल पर अपडेट होने में देरी के कारण आंकड़ों में अंतर हो सकता है, लेकिन इसके बावजूद नामांकन बढ़ाने की जिम्मेदारी तय की गई है। विभाग अब लगातार निगरानी कर रहा है।
शिक्षकों की जिम्मेदारी
नए सत्र में करीब 15 परिषदीय विद्यालयों में पोर्टल पर शून्य नामांकन दर्ज मिला है। संबंधित प्रधानाध्यापकों व इंचार्ज शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और नामांकन कराने के निर्देश दिए गए है। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। -कोमल चौधरी, बीएसए

