11 May 2026

शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप

 

उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षक संघ के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील सिन्हा ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि कुछ शिकायतों के आधार पर विद्यालयों के खिलाफ जांच के नाम पर अनावश्यक कार्रवाई की जा रही है। इससे विद्यालय संचालकों और शिक्षकों को मानसिक व आर्थिक परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। सिन्हा ने तालग्राम क्षेत्र के राजकुमारी मेवाराम आदर्श विद्यालय, डम्बरपुरवा अमोलर का जिक्र करते हुए कहा कि विद्यालय मान्यता प्राप्त है और नियमित संचालित हो रहा है।




इसके बावजूद शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय का पक्ष रखने पर खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र चौधरी को निलंबित कर दिया गया। शिक्षक संघ ने मांग की है कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और बिना पर्याप्त साक्ष्य विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई न की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन करेगा।