लखनऊ, योगी-2.0 का दूसरा विस्तार रविवार को हो गया। टीम योगी में छह नए सदस्य शामिल हो गए हैं, जबकि दो चेहरों को प्रोन्नति दी गई है। इस शपथ ग्रहण के साथ योगी सरकार में मंत्रियों की संख्या 60 हो गई है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने रविवार दोपहर जन भवन में आयोजित सादे समारोह में छह नये और दो प्रोन्नत होने वाले मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत सरकार और संगठन के प्रमुख चेहरे मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री के रूप में भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय ने शपथ ली जबकि सुरेंद्र दिलेर, कृष्णा पासवान, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश राजपूत को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। इसके अलावा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर और अजीत सिंह पाल को स्वतंत्र प्रभार मंत्री के रूप में दोबारा शपथ दिलाई गई। प्रदेश में मंत्रियों की यही अधिकतम संख्या है। मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों समेत कैबिनेट मंत्रियों की संख्या 21 से बढ़कर 23 हो गई है। स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री भी 14 से बढ़कर 16 हो गए हैं, जबकि राज्यमंत्री 19 से बढ़कर अब 21 हो गए हैं। शपथ ग्रहण के दौरान मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
मंत्रिमंडल में अभी यह थी स्थिति:
योगी 2.0 की बात करें तो शपथ ग्रहण समारोह 25 मार्च 2022 को हुआ था। तब मुख्यमंत्री, दो उपमुख्यमंत्रियों सहित कुल 52 मंत्रियों ने शपथ ली थी। इनमें 18 कैबिनेट, 14 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और 20 राज्यमंत्री शामिल किए गए थे। लोकसभा चुनाव से पहले मंत्रिमंडल का पहला विस्तार पांच मार्च 2024 को हुआ था। इसमें चार कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ली थी, जिनमें सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर, रालोद के अनिल कुमार, भाजपा के सुनील कुमार शर्मा और दारा सिंह चौहान शामिल थे। इस तरह मंत्रियों की संख्या बढ़कर 22 और कुल मंत्रियों की संख्या 56 हो गई थी। इसके बाद जितिन प्रसाद,अनूप प्रधान वाल्मीकि के लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद टीम योगी के सदस्यों की संख्या घटकर 54 रह गई थी, जबकि जितिन के केंद्र जाने से कैबिनेट मंत्री 21 और राज्यमंत्री 19 रह गए थे।

