11 May 2026

मोदी का आह्वान- देशहित में सालभर सोना न खरीदें, पेट्रोल बचाएं

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार पश्चिम एशिया संकट के दुष्प्रभावों से लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। संकट से निपटने के लिए नागरिकों को भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से एक साल तक शादियों में सोना न खरीदने, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने का आह्वान किया।



तेलंगाना में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने शहरों में मेट्रो रेल सेवाओं का इस्तेमाल, कार पूलिंग, ई-वाहनों का अधिकतम उपयोग, पार्सल भेजने के लिए रेलवे सेवाओं का उपयोग और वर्क फ्रॉम होम जैसे उपाय अपनाने की अपील की, ताकि विदेशी मुद्रा की बचत हो सके।


प्रधानमंत्री ने कहा कि युद्ध के कारण पेट्रोल और उर्वरकों की कीमतों में वृद्धि हुई है। वैश्विक संकट के समय देश को सर्वोपरि रखते हुए हमें संकल्प लेने होंगे। उन्होंने कहा, कोरोना काल में हमने वर्क फ्रॉम होम, वर्चुअल मीटिंग, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और अन्य तरीके विकसित किए थे। समय की मांग है कि उन तरीकों को फिर से अपनाया जाए।


प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत सौर ऊर्जा के मामले में दुनिया के शीर्ष देशों में शामिल हो गया है और पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है। पहले सरकार 100% एलपीजी कवरेज पर केंद्रित थी और अब पाइपलाइन के जरिये गैस की किफायती आपूर्ति पर जोर है। सीएनजी के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिल रहा है।