12 May 2026

निर्देश: 20 घरों में स्वगणना करने में रोज मदद करेंगे शिक्षक

बलरामपुर,  । जनगणना कार्यक्रम को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने स्वगणना अभियान तेज कर दिया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ल ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अनुचर अपने-अपने सेवित क्षेत्रों में कम से कम 20 घरों की स्वगणना कराए बिना विद्यालय से नहीं निकलेंगे।

बीएसए ने निर्देश दिया है कि विद्यालयों में छात्रों के अवकाश के बाद दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी कार्मिक अपने सेवित क्षेत्र में घर-घर जाकर स्वगणना संबंधी जानकारी उपलब्ध कराएंगे और लोगों को जनगणना प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालयों से संकलित सूचना ब्लॉकवार दोपहर दो बजे तक उपलब्ध कराई जाए। अभियान में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बीएसए ने बताया कि यह कार्य जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर कराया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा जनगणना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विशेष अभियान संचालित किया गया है।