19 May 2026

सड़क हादसे में परिषदीय स्कूल की शिक्षिका की मौत

 

लखीमपुर,। सोमवार सुबह ईसानगर इलाके में हुए सड़क हादसे में मजदूरों के साथ ही एक व्यापारी, बेसिक शिक्षा विभाग की शिक्षिका और एक इंजीनियर की जान ले ली। इन सभी के पास बहराइच तक जाने के लिए तमाम साधन थे, लेकिन सुबह के वक्त रोडवेज बस न मिलने और जल्दी घर पहुंचने के लिए सभी ने डग्गामार वाहन मैजिक का सहारा लिया और यही सफर उनकी जिंदगी का आखिरी रास्ता बन गया।



टक्कर में बहराइच मिहीपुरवा के बड़े व्यापारी राजेश गोयल की दर्दनाक मौत हो गई। राजेश गोयल क्षेत्र में तेल और चावल के बड़े कारोबारी थे तथा उनकी ट्रेडिंग कंपनी भी संचालित होती थी। बहराइच के देवदत्तपुर निवासी पप्पू पानीपत में मजदूरी करता था। करीब दो महीने बाद वह इस बार घर लौट रहा था। बहराइच निवासी इंजीनियर जयवीर सिंह के चाचा जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जयवीर मुंबई में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे और हाल ही में उनका प्रमोशन हुआ था। प्रमोशन के बाद उन्हें 21 तारीख को फ्लाइट से कतर जाना था। सीतापुर निवासी शिक्षिका गायत्री वैश्य (44) पत्नी रमेश चंद्र गुप्ता की मौत हो गई। वह बहराइज जिले के रायबोझा के प्राथमिक विद्यालय में पिछले 11 वर्षों से शिक्षण कार्य कर रही थीं। मृतकों के परिजनों को सरकार की ओर से हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।