प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) कंपार्टमेंट प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 और 17 जुलाई को आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं जनपद मुख्यालयों पर निर्धारित परीक्षा केंद्रों में संपन्न होंगी।
परिषद के अनुसार, प्रयोगात्मक परीक्षाएं वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएंगी। परीक्षा की रिकॉर्डिंग परीक्षा केंद्र पर सुरक्षित रखी जाएगी, जिसे आवश्यकता पड़ने पर प्रस्तुत किया जा सकेगा।
परीक्षार्थियों के लिए आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के पहचान पत्र की छायाप्रति भी सुरक्षित रखी जाएगी।
परिषद ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे 16 और 17 जुलाई को परीक्षार्थियों की परीक्षा केंद्रों पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।
साथ ही, प्रयोगात्मक परीक्षा संपन्न कराने वाले परीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे 20 जुलाई 2026 तक प्राप्तांक सूची परिषद कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

