01 July 2026

यूपी पर छाए मानसूनी बादल, जमकर बरसेंगे, इन जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

 

मानसून यूपी में प्रवेश कर चुका है। पूरब से पश्चिम तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई है। यूपी-उत्तराखंड के अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली (बहेड़ी) में सबसे ज्यादा 157 मिलीमीटर मूसलाधार बारिश हुई है। पूर्वी हिस्से के तराई जिले खीरी (निघासन) में 96.4 मिमी पानी बरसा है। मौसम विभाग ने 30 जिलों में भारी या बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।



बुंदेलखंड के ललितपुर जिले के तालबेहट में 106 मिमी भारी बारिश हुई। अयोध्या एफएमओ सेंटर पर 69 मिमी, अम्बेडकर नगर के टांडा में 68 मिमी, गोंडा सीडब्ल्यूसी व सदर में 64-64 मिमी बारिश हुई। संत कबीर नगर के मुखलिसपुर में 61.4, बस्ती में 55.8 और खलीलाबाद में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा श्रावस्ती के भिनगा में 48.6 मिमी, हरदोई में 47.2 मिमी बारिश हुई है।


इन जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई

बहराइच, लखीमपुर खीरी, रामपुर, बरेली, पीलीभीत एवं आसपास के क्षेत्र में बहुत भारी वर्षा का अलर्ट है। आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, बिजनौर, झांसी, ललितपुर में भारी बारिश हो सकती है।