01 July 2026

सुगम पोर्टल पर सितंबर से ले सकेंगे बीमा


नई दिल्ली, एजेंसी। देश में बीमा लेने की प्रक्रिया में जल्द बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण ‘बीमा सुगम’ पोर्टल पर सभी तरह के बीमा उत्पाद खरीदने की सुविधा सितंबर से शुरू करने जा रहा है। प्राधिकरण ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है।



प्राधिकरण के चेयरमैन अजय सेठ ने मंगलवार को बताया कि बीमा सुगम प्लेटफॉर्म पर इंश्योरेंस कंपनियों के उत्पादों का अंतिम एकीकरण सितंबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद ग्राहकों को एक ही डिजिटल मंच पर विभिन्न कंपनियों की बीमा पॉलिसियों की तुलना करने, खरीदने और उनसे जुड़ी सेवाओं का लाभ लेने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि शुरुआत में इस पोर्टल पर मोटर वाहन बीमा उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके बाद स्वास्थ्य और जीवन बीमा को इसमें जोड़ा जाएगा।


साथ ही बीमा वितरण व्यवस्था में बदलाव को लेकर जुलाई के अंत तक परामर्श पत्र भी जारी किया जाएगा। गौरतलब है कि इस पोर्टल की शुरुआत पिछले साल सितंबर में हुई थी लेकिन इसमें कई सुविधाएं नहीं जोड़ी गई हैं।


अधिक विकल्प मिलेंगे : प्राधिकरण के अनुसार, बीमा सुगम का मॉडल पारंपरिक कमीशन व्यवस्था पर आधारित नहीं होगा। इससे बीमा वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और ग्राहकों को अधिक विकल्प मिलेंगे।


उत्पादों की गलत बिक्री रोकने पर सख्ती


इरडा के चेयरमैन ने कहा, बीमा उत्पादों की गलत बिक्री रोकने के लिए जल्द ही बैंकों को दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नियामक का उद्देश्य ग्राहकों को उनकी पात्रता और जरूरत के हिसाब से बीमा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना है। ऐसे में नियामक सख्त प्रतिबंध लगाने के बजाय मार्गदर्शक सिद्धांत जारी करेगा, ताकि ग्राहकों को उनकी जरूरत के हिसाब से उपयुक्त बीमा बेचे जा सकें। बीमा कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के प्रोत्साहन और बोनस को क्लेम निपटान की गति, शिकायतों के समाधान, और ग्राहक सेवा की गुणवत्ता जैसे मापदंडों से जोड़ा जाएगा।