17 August 2026

जिले के परिषदीय स्कूलों में प्रथम सत्रीय परीक्षा की तारीख घोषित, 19 से 25 अगस्त तक होगा आयोजन

📝 बलिया के परिषदीय स्कूलों में प्रथम सत्रीय परीक्षा की तारीख घोषित, 19 से 25 अगस्त तक होगा आयोजन

बलिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से शैक्षिक सत्र 2026-27 में अध्ययनरत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की प्रथम सत्रीय परीक्षा को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा का आयोजन 19 अगस्त 2026 से 25 अगस्त 2026 के बीच कराया जाएगा।

📚 स्कूल स्तर पर तैयार होंगे प्रश्नपत्र

जारी आदेश के अनुसार निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर माह जुलाई तक पूर्ण कराए गए पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न तैयार कराए जाएंगे। प्रश्नपत्र विद्यालय स्तर पर प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक की देखरेख में तैयार कर परीक्षा आयोजित कराई जाएगी।

✍️ मूल्यांकन की जिम्मेदारी शिक्षकों की

परीक्षा का मूल्यांकन संबंधित कक्षा अध्यापक/विषय अध्यापक द्वारा किया जाएगा। सत्रीय परीक्षा एवं मूल्यांकन से संबंधित अभिलेखों को विद्यालय स्तर पर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

💰 परीक्षा खर्च कंपोजिट ग्रांट से

परीक्षा के आयोजन में होने वाले आवश्यक व्यय का वहन विद्यालय में उपलब्ध कंपोजिट ग्रांट से किया जाएगा।

👨‍👩‍👧 अभिभावकों को बताई जाएगी बच्चों की प्रगति

परीक्षा के बाद निर्धारित तिथि पर अभिभावकों को विद्यालय में आमंत्रित कर बच्चों की प्रगति साझा की जाएगी तथा परीक्षा परिणाम से उन्हें अवगत कराया जाएगा।

🎯 कमजोर विद्यार्थियों पर रहेगा विशेष फोकस

आदेश में कहा गया है कि सत्रीय परीक्षा के आधार पर अपेक्षित अधिगम स्तर प्राप्त न करने वाले छात्र-छात्राओं का अभिमत स्तर सुधारने के लिए विशेष ध्यान दिया जाएगा। ऐसे विद्यार्थियों को चिन्हित कर विषय-वस्तु की तैयारी, पुनरावृत्ति आदि कराई जाएगी।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बलिया ने निर्देश दिए हैं कि प्रथम सत्रीय परीक्षाओं का आयोजन संबंधित शासनादेशों में दी गई व्यवस्था के अनुसार सकुशल एवं निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराया जाए।