17 August 2026

नवोदय विद्यालय में छात्र की थाली में मिला मरा मेंढक, मचा हंगामा

 

नवोदय विद्यालय में छात्र की थाली में मिला मरा मेंढक, मचा हंगामा

महराजगंज। जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार सुबह नाश्ते के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब एक छात्र की थाली में परोसे गए चावल में मरा हुआ मेंढक मिला। मामला सामने आने के बाद छात्रों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने नाश्ता करना बंद कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कक्षा छह के एक छात्र की थाली में मेंढक मिलने के बाद उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद अन्य छात्रों ने भी अपनी-अपनी थालियों की जांच शुरू कर दी। नाराज छात्रों ने नाश्ता करना बंद कर हंगामा शुरू कर दिया।


विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य ने छात्रों को समझाकर शांत कराया और नाश्ता फेंकवाकर दोबारा तैयार कराया। घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।

विद्यालय में कक्षा छह से 12 तक करीब 510 छात्र आवासीय परिसर में रहकर पढ़ाई करते हैं। रविवार सुबह नाश्ते के दौरान कक्षा छह से आठ तक के करीब 100 छात्र भोजन कर रहे थे। इसी दौरान छात्र की थाली में चावल के बीच मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया।

छात्रों के हंगामे की सूचना पर प्रभारी प्रधानाचार्य ने मौके पर पहुंचकर छात्रों से बातचीत की। कुछ देर बाद अभिभावक भी विद्यालय पहुंच गए। विद्यालय प्रशासन के अनुसार रसोईघर का संचालन स्कूल प्रशासन द्वारा किया जाता है।

तीन सदस्यीय समिति करेगी जांच

प्रकरण की जांच के लिए शिक्षक और मेस इंचार्ज माधव प्रसाद, अनिल मौर्य और ज्योति के नेतृत्व में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति को तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं छात्रों के स्वास्थ्य की भी जांच कराई गई है और सभी छात्र स्वस्थ बताए गए हैं।

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि नवोदय विद्यालय में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।