स्कूल के खाने पर FSSAI सख्त: बच्चों के भोजन में चीनी, नमक और फैट की तय होगी सीमा
नई दिल्ली। स्कूल जाने वाले बच्चों के खान-पान को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सख्ती बढ़ाने की तैयारी की है। बच्चों के लिए उपलब्ध खाद्य पदार्थों में चीनी, नमक और अतिरिक्त वसा की मात्रा को लेकर नई सीमाएं तय की गई हैं।
FSSAI के प्रस्तावित मानकों के अनुसार, 100 ग्राम खाद्य पदार्थ में 3 ग्राम से अधिक अतिरिक्त चीनी, 0.625 ग्राम से अधिक नमक और 4.2 ग्राम से अधिक अतिरिक्त वसा को हानिकारक सीमा में माना जाएगा। तरल खाद्य पदार्थों के लिए भी प्रति 100 मिलीलीटर अलग सीमा निर्धारित की गई है।
बच्चों में बढ़ रही मोटापे और बीमारियों की चिंता
रिपोर्ट के अनुसार, बच्चों में मोटापा और उससे जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। खान-पान में अधिक चीनी, नमक और फैट को इसका एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। ऐसे में स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और पोषण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई गई है।
पैकेज्ड फूड को लेकर भी चेतावनी
बाजार में उपलब्ध पैकेज्ड खाद्य पदार्थों में कई बार अतिरिक्त चीनी, सोडियम और संतृप्त वसा की मात्रा अधिक होती है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि अभिभावक केवल विज्ञापन या पैकेट पर लिखे दावों के आधार पर उत्पाद न चुनें, बल्कि Nutrition Information और Ingredients List को भी ध्यान से देखें।
FSSAI के इस कदम का उद्देश्य बच्चों को संतुलित और सुरक्षित आहार उपलब्ध कराना तथा भविष्य में मोटापा, डायबिटीज और हृदय संबंधी बीमारियों के जोखिम को कम करना है।

