17 August 2026

छात्रा से शौचालय साफ कराने के मामले में प्रधानाध्यापिका निलंबित, जांच के आदेश

 

छात्रा से शौचालय साफ कराने के मामले में प्रधानाध्यापिका निलंबित, जांच के आदेश

बाराबंकी। प्राथमिक विद्यालय दीनपनाह में छात्रा से शौचालय साफ कराने का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रुति पटेल को निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को छात्रा से शौचालय साफ कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए उप जिलाधिकारी हैदरगढ़ अश्वनी सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी सिद्धौर ने मामले की जांच शुरू कराई।


जांच के लिए अधिकारी प्राथमिक विद्यालय दीनपनाह पहुंचे और संबंधित छात्रा तथा उसके पिता से घटना के संबंध में जानकारी ली। छात्रा के पिता ने बताया कि वीडियो की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपनी बेटी से घटना के बारे में पूछताछ की थी।

मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापिका श्रुति पटेल को निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद प्रधानाध्यापिका को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया गया है।

शिक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद विद्यालयों में छात्र-छात्राओं से कराए जाने वाले कार्यों और स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। विभागीय जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।