11 August 2026

फर्जी शिक्षक को लेकर हुई मारपीट के मामले में न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज







कलवारी। फर्जी शिक्षक के मामले की शिकायत करने को लेकर हुई मारपीट के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांच नामजद और पांच-छह अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


कलवारी मुस्तहकम निवासी लक्ष्मी देवी पत्नी रामनयन ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उनके मायके की सुधा देवी पत्नी सुधा शंकर निवासी ताहीरपुर, थाना कलवारी, गोंडा जिले के नवाबगंज विकासखंड के हरिवंशपुर गांव स्थित एक विद्यालय में फर्जी डिग्री के आधार पर शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने इसकी शिकायत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गोंडा से भी की थी। 





लक्ष्मी देवी के अनुसार, 26 सितंबर 2025 को वह कोल्हमपुर स्थित दुर्गा मंदिर से दर्शन कर लौट रही थीं। इसी दौरान हरिवंशपुर गांव में विद्यालय का पता लगाने के लिए उन्होंने एक बच्चे से जानकारी ली। आरोप है कि इसकी जानकारी होने पर हरिवंशपुर गांव के उत्तर सुधा देवी, उनके पति सुधा शंकर, बेटे अखिलेश उर्फ सूरज, बेटी अन्नू और अगौना निवासी सचिन ने एक राय होकर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि सूरज ने उनकी जेब से पांच हजार रुपये निकाल लिए। 


लक्ष्मी देवी ने आरोप लगाया कि उनके साथ मौजूद दीनानाथ शास्त्री के साथ भी मारपीट की गई और उनकी जेब फाड़कर सुधा देवी ने तीन हजार रुपये निकाल लिए। उनका कहना है कि घटना की तहरीर लेकर नवाबगंज थाने पहुंचीं, लेकिन वहां मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उलटे विपक्षियों की ओर से उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी गई। 





आरोप है कि 28 सितंबर 2025 की शाम जब वह घर पहुंचीं तो नामजद आरोपियों के अलावा पांच-छह अज्ञात लोग कार और बाइक से वहां पहुंचे। सभी ने गाली-गलौज करते हुए लात-मुक्के और डंडे से मारपीट की। इससे उनके सिर में चोट लगी और वह लहूलुहान हो गईं। आरोपियों ने धमकी दी कि सुधा देवी के खिलाफ दी गई शिकायत वापस नहीं ली तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रविंद्र कुमार त्रिपाठी को सौंपी गई है।