11 August 2026

औचक निरीक्षण, कम नामांकन और उपस्थिति पर जताई नाराजगी; प्रधानाध्यापिकाओं को चेतावनी

 

देवरिया में BSA का स्कूलों पर औचक निरीक्षण, कम नामांकन और उपस्थिति पर जताई नाराजगी; प्रधानाध्यापिकाओं को चेतावनी

देवरिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने सोमवार को गौरीबाजार विकासखंड के पांच परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ विद्यालयों में कम नामांकन और छात्र उपस्थिति, जबकि कुछ स्थानों पर जलजमाव और साफ-सफाई में लापरवाही सामने आई। इस पर बीएसए ने नाराजगी जताते हुए संबंधित प्रधानाध्यापिकाओं को चेतावनी दी और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

प्राथमिक विद्यालय विशुनपुरा में 56 में सिर्फ 17 बच्चे मिले

बीएसए ने सुबह 9:15 बजे प्राथमिक विद्यालय विशुनपुरा का निरीक्षण किया। यहां कुल 56 बच्चे नामांकित पाए गए, लेकिन मौके पर केवल 17 विद्यार्थी उपस्थित मिले। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि विद्यालय में पिछले तीन वर्षों से नामांकन में लगातार गिरावट हो रही है।

नामांकन कम होने के कारणों पर प्रधानाध्यापिका रीता यादव स्पष्ट जवाब नहीं दे सकीं। इस पर बीएसए ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें चेतावनी दी। वहीं, डिजिटल हाजिरी नहीं लिए जाने पर भी बीएसए ने फटकार लगाई और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

कंपोजिट विद्यालय कुंवर बखरा में 96 में 46 छात्र उपस्थित

इसके बाद सुबह 10 बजे कंपोजिट विद्यालय कुंवर बखरा का निरीक्षण किया गया। यहां 96 बच्चों के नामांकन के सापेक्ष केवल 46 विद्यार्थी उपस्थित मिले। कक्षा छह में मात्र 2, कक्षा सात में 3 और कक्षा आठ में सिर्फ 3 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए।

विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शिक्षक होने के बावजूद कम नामांकन और उपस्थिति मिलने पर बीएसए ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


स्कूल के गेट के पास जमा मिला दूषित पानी

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के मुख्य गेट के पास नाली का दूषित पानी जमा मिला। इस पर बीएसए ने तत्काल खंड विकास अधिकारी (BDO) और ग्राम प्रधान से फोन पर बात की और समस्या का एक सप्ताह के भीतर समाधान कराने के निर्देश दिए।

तीन अन्य स्कूलों में व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक

बीएसए ने इसके बाद 11:02 बजे प्राथमिक विद्यालय कुंवर बखरा, 11:35 बजे प्राथमिक विद्यालय टेंगरगढ़ी और 12:10 बजे प्राथमिक विद्यालय भरथी पिपरा का निरीक्षण किया। इन विद्यालयों में पठन-पाठन, शिक्षक डायरी, निपुण तालिका और डिजिटल हाजिरी की स्थिति संतोषजनक मिली।

बीएसए ने सभी विद्यालयों के शिक्षकों को बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार, नियमित गृहकार्य देने और निर्धारित समय-सारणी का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और शत-प्रतिशत विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म में स्कूल बुलाने के लिए प्रेरित करने को कहा।

कम उपस्थिति और नामांकन पर विभाग की नजर

निरीक्षण के दौरान बीएसए ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में बच्चों का नामांकन बढ़ाने के साथ-साथ उनकी नियमित उपस्थिति भी सुनिश्चित करना जरूरी है। शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता के साथ-साथ साफ-सफाई और मूलभूत व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।