लखनऊ। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ ने मांगें पूरी न होने पर 28 सितंबर से सभी जिलों में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की घोषणा की है। विभागीय टीईटी में शिक्षामित्रों को शामिल किए जाने, सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 62 वर्ष किए जाने और टीईटी पास शिक्षामित्रों के लिए शिक्षक भर्ती में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित किए जाने की मांग संगठन कर रहा है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार शुक्ला का कहना है कि कई बार शिक्षामित्र अपनी मांगें उठा चुके हैं।
लेकिन उस पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। इसके कारण परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में वर्षों से पढ़ा रहे शिक्षामित्रों में नाराजगी है। ऐसे में अगर शिक्षामित्रों की मांगें 27 सितंबर तक पूरी नहीं की जाती हैं तो वह मजबूरन 28 सितंबर सभी जिलों के जिला मुख्यालयों पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी। फिलहाल शिक्षामित्र अपनी मांगों को लेकर लामबंद हो गए हैं।

