प्रयागराज, जनगणना की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, तमाम सरकारी कर्मचारियों ने ड्यूटी से बचने की कोशिशें भी तेज कर दी हैं। अभी जनगणना शुरू होने में समय है, लेकिन जिला जनगणना अधिकारी कार्यालय में रोजाना कर्मचारी ड्यूटी न लगाए जाने की गुहार लेकर पहुंच रहे हैं। कोई बेटे की शादी का हवाला दे रहा है तो कोई बेटी के विवाह की तैयारी में व्यस्त होने की बात कहकर ड्यूटी से मुक्त करने की प्रार्थना कर रहा है।
कर्मचारियों के प्रार्थना पत्रों में व्यक्तिगत कारणों की लंबी फेहरिस्त है। सबसे ज्यादा मामले शादी-विवाह से जुड़े बताए जा रहे हैं। कर्मचारी अधिकारियों से आग्रह कर रहे हैं कि नवंबर-दिसंबर में उनके घर में शादी होने के कारण उन्हें जनगणना ड्यूटी में न लगाया जाए। कई कर्मचारी पहले से निर्धारित पारिवारिक कार्यक्रमों का हवाला देकर आवेदन दे रहे हैं। जनगणना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। 15 से 30 नवंबर के बीच स्वगणना कराई जानी है। इसके बाद दिसंबर भर घर-घर जाकर जनगणना का काम चलेगा। ऐसे में बड़ी संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जानी है। ड्यूटी के लिए कर्मचारियों का डाटा तैयार करने के साथ ही विभागवार सूची भी तैयार की जा रही है। इधर, ड्यूटी लगने से पहले ही उससे नाम हटवाने के लिए पहुंच रहे प्रार्थना पत्रों ने जनगणना कार्यालय का काम बढ़ा दिया है।

