UPTET 2026 Result: वेबसाइट से हटाया गया रिजल्ट, अभ्यर्थी DigiLocker से कर सकेंगे प्राप्त
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की ओर से 26 अगस्त को घोषित UPTET 2026 का परिणाम वेबसाइट से हटा लिया गया है। परिणाम हटने के बाद अभ्यर्थियों के बीच संशोधित परिणाम जारी होने और नॉर्मलाइजेशन को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं।
अभ्यर्थी अब अपना UPTET 2026 परिणाम DigiLocker के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे। वेबसाइट से परिणाम हटने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने दावा किया कि आयोग संशोधित परिणाम जारी कर सकता है। वहीं, कुछ चर्चाओं में नॉर्मलाइजेशन हटाकर परिणाम जारी किए जाने की बात भी कही गई।
हालांकि, इन चर्चाओं के बीच चयन आयोग के पीआरओ डॉ. संजय कुमार सिंह का कहना है कि किसी भी परिणाम को वेबसाइट पर केवल एक सप्ताह तक ही प्रदर्शित रखा जाता है। इसके बाद उसे वेबसाइट से हटा दिया जाता है। इसलिए परिणाम का वेबसाइट पर उपलब्ध न होना अपने आप में संशोधित परिणाम जारी होने का संकेत नहीं है।
अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें और परिणाम या किसी संशोधन से संबंधित जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक सूचना का इंतजार करें।

