UpdateMarts•Com
Follow Channel

29 October 2026

शिक्षा निदेशालय के दफ्तरों पर ताला, डटे छात्र: 200 प्रतियोगी पर एफआईआर

 

पुरानी नियमावली और पुराने पैटर्न के आधार पर सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी भर्ती में एक अवसर देने की मांग को लेकर बेरोजगारों का बेमियादी धरना बुधवार को तीसरे दिन शिक्षा निदेशालय में जारी रहा। मंगलवार को विभिन्न कार्यालयों में अराजकता के बाद बुधवार को सभी अधिकारी गायब रहे और कर्मचारी भी असुरक्षा का हवाला देते हुए कार्यालयों पर ताला जड़कर इधर-उधर घूमते नजर आए। शाम को अंधेरा होने के समय अपर पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा फोर्स के साथ धरनास्थल पहुंचे और तकरीबन एक घंटे तक आंदोलनकारियों को समझाने की कोशिश करते रहे।


ये भी पढ़ें - यूपी SUPER TET ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि फिर बढ़ी

ये भी पढ़ें - दीवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को सरकार का तोहफा, महंगाई भत्ता 3 फीसदी बढ़ाया

ये भी पढ़ें - महिला विशेष अवकाश 2026


उन्होंने प्रतियोगी छात्रों से पत्थर गिरजाघर स्थित धरनास्थल पर जाकर धरने देने की सलाह दी, लेकिन छात्र टस से मस नहीं हुए। उसके बाद अजय पाल शर्मा ने आंदोलन की अगुवाई कर रहे आशुतोष पांडेय को अपने साथ बाहर आने के लिए कहा तो छात्र उग्र हो गए और आत्महत्या की चेतावनी देने लगे।


छात्रों का विरोध कम न होता देखकर अजय पाल शर्मा लौट गए। दिन में उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. मोनिका सिंह, अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक कामताराम पाल, अपर शिक्षा निदेशक बेसिक मनोज कुमार द्विवेदी, अपर शिक्षा निदेशक राजकीय अजय कुमार द्विवेदी, बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी, उपशिक्षा निदेशक संस्कृत डॉ. ब्रजेश मिश्र समेत कोई अफसर कार्यालय में मौजूद नहीं हुए।


कर्मचारियों ने कार्यालय बंद रखने का किया अनुरोध


मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष ध्रुवराज सिंह और संयुक्त मंत्री नरेन्द्र कुमार सिंह ने अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक कामताराम पाल को बुधवार को पत्र लिखा है कि जब तक कार्यालय परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हो जाती और उपद्रवी प्रदर्शनकारियों को परिसर से हटाया नहीं जाता तब तक कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए कार्यालय बंद रखा जाए अथवा अन्य अवस्था की जाए। शांतिपूर्ण माहौल होने, एडी कामताराम पाल समेत अन्य अधिकारियों के कार्यालय में बैठने और आंदोलनकारियों के बाहर जाने तक कार्यालय में शासकीय कार्य करना संभव नहीं है।

अनुपस्थिति पर सहायक उप शिक्षा निदेशक के खिलाफ लिखा पत्र


इस बीच अपर शिक्षा निदेशक कामताराम पाल ने सहायक उप शिक्षा निदेशक, विज्ञान (आहरण-वितरण अधिकारी) चन्द्र प्रकाश के खिलाफ माध्यमिक शिक्षा निदेशक को पत्र लिखा है। एडी का कहना है कि चन्द्र प्रकाश पर शिक्षा निदेशालय परिसर के प्रत्येक भवनों / अनुभागों के अभिरक्षक का दायित्व है। निर्देश देने के बावजूद वह अपना मोबाइल बंद कर कार्यालय परिसर से अनुपस्थित चल रहे हैं। साथ ही चन्द्र प्रकाश ने ऐसी परिस्थिति में अपना अवकाश स्वीकृत करने का अनुरोध किया है जिसे एडी ने अस्वीकृत करते हुए कार्यालय में उपस्थित होकर अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन का निर्देश दिया। इसके बावजूद चन्द्र प्रकाश आदेशों की अवहेलना करते हुए निदेशालय से अनुपस्थित हैं।


डराने की बजाय मांगें सुने प्रशासन


शिक्षा निदेशालय में आंदोलन के दौरान 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर का पता चलने पर छात्रों में नाराजगी बढ़ गई है। आशुतोष पांडेय ने कहा कि छात्रों ने किसी भी प्रकार का उपद्रव नहीं किया है और एफआईआर में जिस घटना का उल्लेख किया जा रहा है, उसमें आंदोलनरत छात्रों की कोई भूमिका नहीं है। छात्रों का उद्देश्य अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना है। आरोप लगाया कि प्रशासन छात्रों की समस्याओं को सुनने के बजाय उन पर मुकदमे दर्ज करके दबाव बनाना चाहता है जो कि बेहद चिंताजनक है। सवाल उठाया कि आखिर पुरानी नियमावली के अनुसार एक अवसर दिए जाने की मांग कर रहे अभ्यर्थियों से बातचीत क्यों नहीं की जा रही है।

200 उपद्रवियों पर एफआईआर



प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। शिक्षा निदेशालय परिसर में तोड़फोड़ और कर्मचारियों से अभद्रता के आरोप में करीब 200 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सिविल लाइंस पुलिस शिक्षा निदेशालय के केयरटेकर मोहम्म्द सैफ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। उधर, एफआईआर दर्ज होने से प्रतियोगी छात्रों में नाराजगी है।


टीजीटी-पीजीटी भर्ती में पुरानी नियमावली लागू करने की मांग को लेकर तीन दिन से बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र शिक्षा निदेशालय गेट के सामने धरना दे रहे हैं। आरोप है कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे प्रदर्शन के दौरान करीब 150-200 संख्या में उपद्रवी बैरिकेड्स को तोड़ते हुए शिक्षा निदेशालय परिसर में घुस गए। केयरटेकर मोहम्मद सैफ ने अपनी तहरीर में कार्यालय के विभिन्न अनुभागों में फर्नीचर और विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के वाहनों में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों के साथ अभद्रता और अमर्यादित व्यवहार करने के भी आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे प्रतियोगी छात्रों की आड़ में अराजकतत्वों द्वारा मुख्यालय परिसर में पुलिस बैरकेडिंग को तोड़ते हुए अनाधिकृत प्रवेश कर कार्यालय परिसर में तोड़फोड़ और शासकीय कार्य को बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more