06 October 2026

शिक्षक दंपति की हत्या वैन चालक ने की

सुलतानपुर, कादीपुर के कुम्ही डढिया गांव में शिक्षक दंपति की हत्या उनके ही स्कूल बस चालक ने पट्टीदार संग चोरी करते पकड़े जाने पर फावड़े-कुल्हाड़ी से की थी। इतना ही नहीं, पुलिस को चकमा देने के लिए चालक ने अगले दिन सुबह स्कूल पहुंचकर दोनों के शव मिलने की सूचना दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।


ये भी पढ़ें - अनुदेशक शिक्षकों ने धरना देकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन की मांग की

ये भी पढ़ें - नई पहल : कक्षा में हुई पढ़ाई की हर माह होगी समीक्षा, प्रधानाध्यापक देंगे रिपोर्ट


एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि कुम्ही डढिया निवासी मुकेश सिंह परिषदीय विद्यालय में शिक्षक और प्राथमिक शिक्षक संघ मोतिगरपुर ब्लॉक अध्यक्ष थे। पत्नी विनीता कुम्ही डढिया में मनराजी शिक्षण संस्थान चलाती थीं। दोनों स्कूल परिसर में ही आवासीय मकान बनाकर रहते थे। 28-29 सितंबर की रात चालक राकेश यादव ने पट्टीदार आशीष के साथ चोरी के इरादे से स्कूल परिसर में प्रवेश किया था। विनीता ने दोनों को देख लिया तो पहचान उजागर होने के डर से राकेश ने फावड़े से हमला कर हत्या कर दी।


मोबाइल से पांच हजार रुपये ट्रांसफर भी किए

पत्नी की हत्या देखकर भाग रहे शिक्षक मुकेश कुमार सिंह को भी दौड़ाकर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने कत्ल के बाद शिक्षिका के मोबाइल से पांच हजार रुपये ट्रांसफर किए। अगली सुबह करीब 6:30 बजे स्कूल वाहन चालक राकेश ने दोनों के शव देखकर शोर मचाया था। उसने पुलिस को बताया था कि वह रोजाना वाहन की चाबी लेने शिक्षक के घर जाता था। इसी क्रम में सुबह चाबी लेने पहुंचा तो दोनों को खून से लथपथ देखा। मृत शिक्षक के भाई अखिलेश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ में पुलिस को चालक पर शक हुआ।