नई दिल्ली, एजेंसी। घरेलू बाजार में सोने की कीमत अगले 6-12 महीनों में बढ़कर 1.60-1.68 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है। निवेश मांग जारी रहने और केंद्रीय बैंकों की खरीदारी के बीच दाम बढ़ने का अनुमान है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने ताजा तिमाही सर्राफा रिपोर्ट में अनुमान लगाया कि मध्यम अवधि में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमतें 4,500-4,700 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच जाएंगी, जबकि अल्पावधि में घरेलू कीमतें 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पास रह सकती हैं।
ये भी पढ़ें - बोनस के संबंध में वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक जनपद का आदेश
रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले वर्ष की असाधारण तेजी के बाद अमेरिकी ब्याज दरों में वृद्धि के अनुमान, मुद्रास्फीति के जारी रहने, ऊंचे बॉन्ड प्रतिफल और वैश्विक घटनाक्रमों के बीच 2026 में बहुमूल्य धातुओं में उतार-चढ़ाव देखा गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमत जनवरी 2026 में लगभग 5,600 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी, जो बाद में घटकर 4,000 अमेरिकी डॉलर से नीचे आ गईं और फिर उनमें सुधार हुआ।

