शिक्षकों की पदोन्नति से पहले वायरल हुई स्कूलों की कथित रेट लिस्ट, 50 हजार से 5 लाख रुपये तक वसूली का दावा
आगरा। बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों की पदोन्नति और विद्यालय आवंटन को लेकर नया विवाद सामने आया है। मनचाहे ब्लॉक और पसंदीदा विद्यालय में तैनाती दिलाने के नाम पर कथित वसूली की एक सूची सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस सूची में अलग-अलग ब्लॉकों के विद्यालयों के लिए 50 हजार रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक की कथित रकम तय किए जाने का दावा किया गया है।
हालांकि, वायरल हो रही इस सूची की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है।
नगर क्षेत्र के आसपास के विद्यालयों की कथित दर सबसे अधिक
वायरल सूची में नगर क्षेत्र के आसपास स्थित ब्लॉकों के विद्यालयों के लिए सबसे अधिक रकम का उल्लेख किया गया है। इसमें तैनाती के नाम पर 4 से 5 लाख रुपये तक की कथित दर बताई गई है।
वहीं, बिचपुरी ब्लॉक के विद्यालयों के लिए 3 से 4 लाख रुपये, बरौली अहीर, अकोला और खंदौली के लिए 2 से 3 लाख रुपये तक की रकम का दावा किया गया है।
इसके अलावा एत्मादपुर, खेरागढ़ और सैंया के लिए 1 से डेढ़ लाख रुपये तथा अन्य दूरस्थ ब्लॉकों के विद्यालयों के लिए 50 हजार से 1 लाख रुपये तक की कथित दर सूची में दर्शाई गई है।
बीएसए कराएंगे मामले की जांच
सोशल मीडिया पर वायरल सूची में कथित तौर पर शिक्षकों की पदोन्नति और विद्यालय आवंटन प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप लगाए जा रहे हैं। मामले को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग में भी चर्चा तेज हो गई है।
बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि शिक्षकों की वरिष्ठता सूची, पदोन्नति और विद्यालय आवंटन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। वायरल सूची में लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी।
फिलहाल वायरल सूची में किए गए वसूली के दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

