गलत प्रमाणपत्र लगाकर पाई नौकरी तो 7 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा होगी समाप्त, जांच में सामने आया फर्जीवाड़ा
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भर्ती में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी पाने का मामला सामने आया है। जांच में आय और निवास प्रमाणपत्र गलत पाए जाने के बाद सितंबर में नियुक्ति पाने वाली सात आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों की शिकायत पर जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिंह ने संबंधित तहसीलों से अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराया था। सत्यापन के दौरान चार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आय प्रमाणपत्र और तीन के निवास प्रमाणपत्र गलत पाए गए।
सात नियुक्तियों पर होगी कार्रवाई
प्रमाणपत्रों में गड़बड़ी सामने आने के बाद विभाग ने कार्रवाई के लिए पूरी फाइल जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को भेज दी है। इन सात कार्यकर्ताओं की सेवाएं समाप्त होने के बाद उनके स्थान पर प्रतीक्षा सूची से पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
259 पदों के लिए आए थे करीब 16 हजार आवेदन
जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 259 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इन पदों के लिए करीब 16 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे। सीडीपीओ की निगरानी में अभिलेखों की जांच और मेरिट के आधार पर सितंबर में 256 महिलाओं का चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र दिए गए थे।
अब नियुक्ति के बाद प्रमाणपत्रों के सत्यापन में सामने आई गड़बड़ी के चलते सात नियुक्तियां रद्द करने की कार्रवाई की जा रही है। विभागीय कार्रवाई पूरी होने के बाद रिक्त पदों पर प्रतीक्षा सूची से पात्र अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा।
