हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

09 November 2026

जिलों को भेजी जाने लगीं बोर्ड की उत्तरपुस्तिकाएं


 
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई है। पांच फरवरी से प्रस्तावित परीक्षा के लिए बोर्ड मुख्यालय की ओर से जिलों को उत्तरपुस्तिकाएं भेजी जाने लगी है। सभी 75 जिलों में दिसंबर अंत तक तकरीबन तीन करोड़ कॉपियां भेजने का लक्ष्य रखा गया है। इसी के साथ संबंधित डीआईओएस को निर्देश दिए गए हैं कि उत्तरपुस्तिकाओं की सुरक्षा के साथ परीक्षा की शुचिता के मद्देनजर कॉपियों को 24 घंटे क्रियाशील वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रखवाया जाएगा। कॉपियों की हेराफेरी और दुरूपयोग रोकने के लिए पिछले साल की तरह इस साल भी धागे की सिलाईयुक्त सभी पुस्तिकाओं पर क्यूआर कोड तथा सभी पृष्ठों पर पृष्ठ संख्या मुद्रित करायी गई है। हाईस्कूल ‘अ’ उत्तर पुस्तिका गहरा नारंगी रंग एवं हाईस्कूल ‘ब’ उत्तर पुस्तक गहरा नीला रंग जबकि इंटरमीडिएट ‘अ’ उत्तरपुस्तिका गहरा जामुनी रंग एवं इंटरमीडिएट ‘ब’ उत्तरपुस्तिका गहरे हरे रंग में छपवाई गई है।

इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि क्रमांक के ऊपर ओवर राइटिंग, कटिंग अथवा फ्लूड आदि का प्रयोग पूर्णतया वर्जित है। सादी उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण का पूर्ण विवरण परीक्षा केन्द्रवार बोर्ड की वेबसाइट पर भी डीआईओएस को अपलोड कराना होगा। सादी उत्तरपुस्तिकाएं जिस कमरे में रखी जएगी वहां गैमेक्सीन /कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने और आग से सुरक्षा के लिए अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था के भी निर्देश दिए गए हैं।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more