पैसे लेकर नौकरी देती थीं पूर्व सरकारें:सीएम योगी


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रदेश की पिछली सरकारों पर जोरदार हमला बोला। कहा कि पहले परिवार के लोगों ने नौकरी को वसूली का माध्यम बना लिया था। भाजपा सरकार ने साढ़े चार साल में साढ़े चार लाख नौकरियां दीं। किसी भी बेरोजगार को एक भी पैसा नहीं देना पड़ा।


2012 में सपा सरकार बनने के बाद हर जिले में दंगा होता था। हमने प्रदेश को दंगा मुक्त बनाया। बहन बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। गरीबों- किसानों के बारे में कभी नहीं सोचा गया। भाजपा किसानों के सम्मान की लड़ाई लड़ रही है। बारिश बाढ़ से बर्बाद फसल का मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बदायूं जिले में 1328 करोड़ और शाहजहांपुर में 495 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

सपा-बसपा पर बोला हमला
उन्होंने कहा कि पहले हर भर्ती में भ्रष्टाचार होता था। भाजपा सरकार ने इसे खत्म किया। कोर्ट ने किसी भी भर्ती को नहीं रोका। हमारी सरकार ने साढ़े चार लाख युवाओं को नौकरियों दी,जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी है। पहले त्योहारों पर दंगे होते थे, कर्फ्यू लगता था। सपा की सरकार आते ही रामजन्मभूमि पर हमला करने वालों से मुकदमा वापस लिया गया था।


तीखे तेवर

• मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बदायूं और शाहजहांपुर की जनसभाओं में विपक्ष पर बोला हमला

कहा- 2012 से 17 तक प्रदेश में होते थे दंगे, हमने प्रदेश को दंगा मुक्त बनाया

• मां-बहनों को सुरक्षा दी, किसानों के सम्मान के लिए लड़ रही है भाजपा