हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

19 December 2021

यूपी बोर्ड की 200 माध्यमिक विद्यालयों में अपलोड नहीं किये छमाही के अंक, बढ़ाई डेट


मेरठ। UP Boards उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानी यूपी बोर्ड की ओर से सत्र 2021-22 में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं के छमाही के अंक भी स्कूलों को अपलोड करने के लिए निर्देश दिए थे। इसमें कक्षा नौवीं और दसवीं के छमाही परीक्षा के अंक और कक्षा ग्यारहवीं व बारहवीं के छमाही परीक्षा के अंक के साथ ही प्रयोगात्मक परीक्षाओं के अंक भी अपलोड किए जाने थे। बार-बार निर्देश देने और तिथि बढ़ाए जाने के बाद भी स्कूलों ने यूपी बोर्ड के निर्देशों पर ध्यान नहीं दिया और अभी भी 200 से अधिक विद्यालयों ने छमाही परीक्षा के अंक अपलोड नहीं किए हैं।

अपलोड डाटा जारी किया

परिषद की ओर से शुक्रवार तक अपलोड डाटा जारी किया गया है। जिसमें अधिकतर स्कूलों के अंक अभी भी अपलोड होने बाकी हैं। इनमें कक्षा नौवीं के 181 विद्यालय, कक्षा दसवीं के 206 विद्यालय, कक्षा ग्यारहवीं के 165 विद्यालय और कक्षा बारहवीं के 169 विद्यालयों ने अर्धवार्षिक परीक्षा के अंक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड नहीं किए हैं। जबकि वेबसाइट पर एक दिसंबर से अंक अपलोड करने के लिए लिंक उपलब्ध है।




20 दिसंबर तक बढ़ाई तारीख

माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नौवीं से बारहवीं तक के सभी अंक परिषद की वेबसाइट पर बढ़ी हुई तिथि के अनुसार 15 दिसंबर तक अपलोड करने को कहा था, लेकिन उसके बाद भी स्थिति चिंताजनक देखते हुए स्कूलों को एक और मौका दिया गया है और यह तिथि अब 20 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक बृजेश कुमार चौधरी ने सभी स्कूलों को पत्र जारी कर इस स्थिति को ठीक करने के साथ ही हर छात्र के छमाही परीक्षा के अंक अपलोड करने के निर्देश जारी किए हैं।

कार्रवाई की चेतावनी

माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इस स्थिति को अत्यंत खेद जनक बताते हुए सभी स्कूलों को और जिला विद्यालय निरीक्षकों को हर छात्र के अंक अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। बढ़ी हुई तिथि 20 दिसंबर तक अंक अपलोड न किए जाने के कारण यदि कोई विद्यालय शेष रह जाता है या किसी छात्र छात्रा के अंक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड नहीं किए जाते हैं, तो ऐसी स्थिति में संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य व स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालय की स्थिति में प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more