UpdateMarts
Follow Channel

03 March 2022

पीसीएस-2019 व 2020 की प्रारंभिक परीक्षा की अंतिम उत्तरकुंजी , प्रवक्ता पद के लिए अभ्यर्थियों की परीक्षा 13 को

प्रयागराज,। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस यानी सम्मिलित राज्य/ प्रवर अधीनस्थ सेवा (सामान्य चयन) प्रारंभिक परीक्षा की अंतिम उत्तरकुंजी जारी कर दिया है। बुधवार को पीसीएस-2019 व 2020 की प्रारंभिक परीक्षा की अंतिम उत्तरकुंजी जारी हुई है। अभ्यर्थी 12 मार्च तक आयोग की वेबसाइट पर उसका अवलोकन कर सकेंगे। इसके लिए प्रतियोगी छात्रों ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी।


आयोग से 22 फरवरी को हलफनामा मांगा, फिर अंतिम उत्तरकुंजी जारी

हाई कोर्ट ने उक्त मामले में आयोग से 22 फरवरी को हलफनामा मांगा था। इसके बाद अंतिम उत्तरकुंजी जारी हुई है। प्रतियोगियों की ओर से दाखिल याचिका में कहा गया कि लोक सेवा आयोग ने 29 अगस्त 2014 को पीसीएस की प्रारंभिक उत्तरकुंजी जारी करने का प्रस्ताव पारित किया था। इसके तहत अभ्यर्थियों से आपत्ति लेकर उसका निस्तारण करके प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के साथ संशोधित उत्तरकुंजी जारी होनी थी, लेकिन पीसीएस 2019-2020 की उत्तरकुंजी जारी नहीं की गई।

प्रवक्ता पद के अभ्यर्थियों की परीक्षा 13 को

प्रयागराज : प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कालेज-2020 की मुख्य परीक्षा प्रयागराज व लखनऊ में 13 मार्च को दो सत्र में आयोजित की जाएगी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने बुधवार को परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रथम सत्र की सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक और दूसरे सत्र की परीक्षा दोपहर दो से पांच बजे तक चलेगी। बुधवार को अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र वेबसाइट पर जारी हो गया है। अभ्यर्थियों को उसे वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा। आयोग ने प्रवक्ता की 16 विषयों में 1473 पदों की भर्ती निकाली है। मुख्य परीक्षा में 14 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को शामिल होना है।