UpdateMarts
Follow Channel

03 March 2022

स्वच्छता सर्वेक्षण के लिंग प्रतियोगिताएं शुरू, इस बार 7500 अंकों की होगी परीक्षा

लखनऊ।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के लिए प्रतियोगिता शुरू हो गयी है। पिछले वर्ष स्वच्छता सर्वेक्षण की परीक्षा 6000 अंकों की थी, लेकिन इस बार यह 7500 अंकों की होगी। इसमें सर्विस लेवल प्रोसेस के 3000 अंक, प्रमाणीकरण के 2250 अंक और सिटीजन फीडबैक के 2250 अंक मिलेंगे।


वर्ष 2021 के सर्वेक्षण में लखनऊ को प्रदेश में पहला और देश में 12वां स्थान मिला था। स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू होने के बाद नगर निगम ने सिटीजन फीडबैक लेना शुरू कर दिया है। एक मार्च से 15 अप्रैल तक यह फीडबैक लिया जाएगा। इसके लिए लखनऊ नगर निगम ने 40 चैम्पियन की टीम बनाई है। इस बार सिटीजन फीडबैक के लिए तीन श्रेणियां बनायी गयी हैं। यह 600 नंबर का होगा। पहली श्रेणी 15 वर्ष से 29 वर्ष आयु के लिए है, जो 100 नंबर की है। 60 वर्ष से अधिक आयु की श्रेणी के लिए 400 अंक निर्धारित किए गए हैं। 30 वर्ष से 59 वर्ष के लिए भी 100 नंबर निर्धारित किए गए हैं। 60 वर्ष से अधिक आयु वालों के फीडबैक पर निगम को चार गुना नंबर मिलेंगे। प्रत्येक श्रेणी के लिए अलग-अलग प्रश्न रखे गए है।

स्वच्छता सर्वेक्षण में कोविड 19 भी शामिल

इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में कोविड-19 को भी शामिल किया गया है। साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक शौचालयों सहित अनेक प्रश्न शामिल हैं। फीडबैक के दौरान नागरिक से उसका नाम, आयु, पता, मोबाइल नंबर पूछने के अलावा तीनों आयु वर्गों से अलग-अलग सवाल पूछे जाएंगे। स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के तहत शहर में तीन सर्वे किए जाएंगे। इनमें फीडबैक जिसमें शहर के लोगों से टीमें आकर सीधे बात करेंगी। उनके आधार पर सिटीजन फीडबैक के अंक दिए जाएंगे। इसके बाद ओडीएफ की टीम शहर के शौचालयों एवं गंदगी आदि के फोटो लेकर उसे पोर्टल पर अपलोड करेगी। इन टीमों को लोकेशन इनके मुख्यालय से मोबाइल पर भेजी जाएगी। साथ ही मोबाइल पर ही स्थान की गूगल लोकेशन भी भेजी जाएगी। वहीं तीसरी टीम वाटर प्लस कैटेगरी के लिए आएगी। यह शहर के सीवेज से निकले गंदे पानी के रियूज, के साथ ही पांच जलाशयों के फोटो खींचकर उसे पोर्टल पर अपलोड करेगी। लखनऊ नगर निगम ने स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए 40 चैम्पियन की टीम बनायी है। जो डोर टू डोर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। इसके अलावा यह टीम स्कूल, होटल, मॉल अस्पताल में जाकर लोगों से फीडबैक लेगी। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि पिछले चार महीने में 200 से ज्यादा कूड़ा डंपिंग पॉइंट खत्म किया गया है।

स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए 1969 पर करें मिसकाल

शहर का कोई नागरिक 1969 पर मिस कॉल कर सकता है। उसके बाद उसके नंबर पर कॉल आएगी। इसमें शहर के सफाई से जुड़े 7 सवाल पूछे जाएंगे और उसके जवाब के आधार पर नंबर तय होगा। नगर निगम के लखनऊ वन एप के जरिए भी लोग फीडबैक दे सकते हैं।