UpdateMarts•Com
Follow Channel

26 June 2022

साहब के सामने हेडमास्टर ने लगाया ठहाका, होगा ट्रांसफर


इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। डीएम अनुज सिंह ने शनिवार को ब्लॉक एलिया के दो गांवों का औचक मुआयना किया। निरीाण के दौरान भोगीपुर के प्राथमिक विद्यालय में टूटी हुई नल की टोटियों की बात पर मौजूद प्रधानाध्यापक अनायास ही ठहाका मारकर हंसने लगे। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए उन्हें बेहटा ब्लॉक में स्थानांतरण करने का निर्देश दिया।





विकासखंड एलिया के अचानक दौरे पर निकले जिलाधिकारी अनुज सिंह ने ग्राम भोगीपुर का औचक निरीक्षण किया। यहां पंचायत भवन को देखा, विकास कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद वह प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों से बातचीत की। उनसे सवाल जवाब किए और खेल सामग्री देकर बच्चों को स्कूल में बेहतर तरीके से खेल खिलाने की बात कही। विद्यालय परिसर में उगी झाड़ियों व शौचालय को साफ करने का आदेश दिया।


विद्यालय में पेयजल व्यवस्था देख रहे डीएम ने टूटी हुई पानी की टोटी देख उसे बीडीओ को बदलवाने की बात कही। इस दौरान मौजूद विद्यालय के प्रधानाध्यापक अलाउद्दीन अनायास ही ठहाका मारकर हंसने लगे। जिस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने प्रधानाध्यापक को तत्काल बेहटा स्थानांतरण करने का आदेश संबंधित अधिकारी को दिया।
इसके बाद वह देवई गांव स्थित गौशाला को देखने पहुंचे। यहां गायों की स्थिति ठीक न पाए जाने पर नाराजगी जाहिर की। गोवंशों के लिये चारे व पानी की व्यवस्था सुदृढ़ करने की बात कही। देवई ग्राम प्रधान गुड्डू अंसारी से गोशाला की जानकारी ली। नियमित सफाई रखने व पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही।
घरों से बुलाए गए छात्र
जिलाधिकारी के अचानक विकासखंड एलिया में आने की खबर सुनते ही शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग व अन्य विभाग के कार्यालयों में हड़कंप मच गया। विद्यालयों में छात्रों को घर से बुलाकर अधिकतम उपस्थिति दिखाई जाने लगी। वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी अपनी ड्रेस पहन कर अलर्ट मोड में दिखाई दिये। जबकि विकासखंड कार्यालय पर तैनात कर्मचारी अपने अपने कार्यस्थल पर दिखे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more