UpdateMarts•Com
Follow Channel

09 July 2022

प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 1.90 करोड़ छात्रों को हो चुका दाखिला: बेसिक शिक्षा मंत्री

जौनपुर : बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में सरकार ने दो करोड़ छात्रों का दाखिला करने का लक्ष्य रखा है। आज की तारीख में एक करोड़ 90 लाख छात्र-छात्राओं की संख्या पहुंच गई है। यह जानकारी शुक्रवार को जौनपुर में सिरकोनी ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बाकराबाद के निरीक्षण के दौरान उन्होंने दी।


बेसिक शिक्षा मंत्री ने कहा कि बेसिक शिक्षा को एक नया रूप दिया जाएगा। यह सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। प्रदेश के 20 हजार विद्यालयों में छह माह के भीतर डेस्क बेंच की व्यवस्था कर दी जाएगी। इसके साथ ही बच्चों को स्मार्ट क्लास द्वारा शिक्षा देने की व्यवस्था कर दी जाएगी। इसके पहले उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया। क्लास रूम में जाकर छात्र-छात्राओं से जानकारी ली। छात्रों से पूछा कि मास्टर साहब आते हैं या नहीं, अच्छा पढ़ाते हैं या नहीं। इस दौरान बच्चों द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट को देखा। प्रोजेक्ट को बनाने वाले छात्र शुभम बेनवंशी, युवराज सिंह, संदीप कुमार की पीठ थपथपाई। साथ ही जिले के नामांकन में दूसरे स्थान पर आने पर बीएसए डा. गोरखनाथ पटेल की भी तारीफ की। इसके साथ ही बाकराबाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों की खुले कंठ से तारीफ करते हुए कहा कि यहां के बच्चे काफी पढ़ने में अच्छे है। व्यवस्था काफी अच्छी है। वहीं, बीएसए डा. गोरखनाथ पटेल, खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ला, अमित सिंह, कुंवर यशवन्त सिंह, पवन कुमार सिंह आदि ने बेसिक शिक्षा मंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर डॉ अखिलेश सिंह, सुप्रिया, संजय सिंह, सरिता महेंद्र सिंह, उषा सिंह, छाया सिंह, दिनेश प्रताप सिंह, राजकुमार यादव, बकराबाद प्रधान पोल्हन मौर्य, इजरी प्रधान अजय सिंह आदि मौजूद रहे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more