हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

21 June 2023

अंतरजनपदीय तबादले को शिक्षकों की हुई जांच


सिद्धार्थनगर,। बेसिक शिक्षा विभाग में 239 शिक्षक-शिक्षिकाएं स्थानांतरण के लिए गंभीर रूप से बीमार या तो दिव्यांग हो गए हैं। जिले के 159 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पति-पत्नी व अविवाहित बेटे-बेटियों को गंभीर असाध्य रोग से पीड़ित बताया है। वहीं 80 ने स्थानांतरण के लिए दिव्यांग प्रमाणपत्र लगाया है। ऐसे 239 शिक्षक-शिक्षिकाओं को मंगलवार को सीएमओ कार्यालय पर जांच के लिए बुलाया गया। डॉक्टरों की चार सदस्यीय टीम ने एक-एक कर सबकी जांच की।

दरअसल शैक्षिक सत्र 2023- 24 के लिए बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं का अंतरजनपदीय स्थानांतरण होना है। इस स्थानांतरण के लिए नीति निर्धारित है। इसमें असाध्य गंभीर रोगी, दिव्यांगजनों को वरीयता मिलेगा। इसके अलावा भारांक का भी लाभ दिया जाएगा। इसे देखते हुए स्थानांतरण के लिए कल तक स्वस्थ रहने वाले शिक्षकों ने खुद को या पत्नी को व अविवाहित पुत्र-पुत्रियों को गंभीर असाध्य रोग से पीड़ित बताया है। विभाग के 159 शिक्षक व शिक्षिकाओं ने बीमारी का प्रमाणपत्र लगाकर आवेदन भी किया है। वहीं 80 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने खुद को, पति-पत्नी व अविवाहित बेटे-बेटियों को दिव्यांग बताकर स्थानांतरण के लिए प्रमाणपत्र लगाया है। ऐसे लोगों की जांच के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन हुआ था। चार सदस्यीय टीम मंगलवार को सीएमओ कार्यालय में इनकी जांच की सुबह से देर शाम तक चली। जांच में डॉ. बीएन चतुर्वेदी, डॉ. संजय गुप्त, डॉ. आरिफ अतहर व डॉ. एमके त्रिपाठी ने जांच की। जांच के बाद वह अपनी रिपोर्ट बेसिक शिक्षा विभाग को सौंप देंगे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more