उच्च शिक्षा में बढ़ा योग का क्रेज, मुक्त विश्वविद्यालय में योगाभ्यास आज


प्रयागराज,। योग का क्रेज उच्च शिक्षा में भी बढ़ा है। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में अब तक एमए इन योगा और सार्टिफिकेट कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों में छात्र-छात्राओं की काफी रूचि देखी जा रही है। इसके बाद मुक्त विश्वविद्यालय योगा विषय से पीएचडी भी कराएगा। बीते दीक्षांत समारोह में मोनिका पांडेय को चांसलर गोल्ड मैडल मिल चुका है। उन्होंने एमए इन योगा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया था। मुक्त विवि के 12 क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र प्रयागराज, लखनऊ, बरेली, वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, झांसी, नोएडा, आगरा, मेरठ, अयोध्या तथा कानपुर में योगा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं.







इलाहाबाद विश्वविद्यालय से संबद्ध सीएमपी डिग्री कॉलेज में नए शैक्षिक सत्र 2023-24 से योगा पाठ्यक्रम शुरू करेगा। इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। नए शैक्षिक सत्र से योग विषय की पढ़ाई होगी। इसमें सर्टिफिकेट कोर्स संचालित किए जाएंगे, जो तीन माह के होंगे। 60 सीटों के सापेक्ष दाखिले लिए जाएंगे। पाठ्यक्रम संचालन के लिए ब्रोशर भी तैयार कर लिया है। सीएमपी के प्राचार्य डॉ. अजय प्रकाश खरे ने बताया कि पाठ्यक्रम के संचालन के लिए नोडल ऑफिस बनाया गया है। योग में सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम के लिए कामन फीस होगी।



मुक्त विश्वविद्यालय में योगाभ्यास आज

उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय मुख्यालय एवं प्रदेश के 12 क्षेत्रीय केन्द्रों पर योगाभ्यास सुबह सात से नौ बजे तक सुनिश्चित किया गया है। कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय में यमुना परिसर स्थित त्रिवेणी सामुदायिक केन्द्र में योग विशेषज्ञों द्वारा योगाभ्यास कराया जाएगा। मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति साधना ठाकुर तथा विशिष्ट अतिथि विधायक गुरु प्रसाद मौर्य होंगे।