अंतिम दिन चली तबादला एक्सप्रेस, यूपी सरकार ने विभागीय तबादलों के लिए तय की थी 30 जून तक की समय सीमा


लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद के निर्देश पर शुक्रवार को पूरी पारदर्शिता के साथ विभाग में मुख्य अभियंता से लेकर अवर अभियंताओं तक के तबादले हुए। तीन मुख्य अभियंताओं सहित कुल 293 तबादले कर दिए गए थे। सबसे अधिक 225 अवर अभियंता (जेई) के तबादले हुए।

प्रमुख सचिव अजय चौहान के मुताबिक तय पारदर्शी व्यवस्था के मुताबिक तबादले किए गए हैं। तीन मुख्य अभियंता, 12 अधीक्षण अभियंता और 33 अधिशासी अभियंता के तबादले शासन स्तर से किए गए हैं। सहायक अभियंताओं की तबादला सूची भी देर शाम तक फाइनल की जा रही थी।

28 एआरटीओ समेत 42 के तबादले

लखनऊ। शासन ने शुक्रवार को देर रात सहायक एआरटीओ और 14 संभागीय निरीक्षकों आरआई का तबादला कर दिया। इसमें जिले में तीन वर्ष और मंडल में सात वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके अधिकारी शामिल हैं। लखनऊ में तैनात सिद्धार्थ यादव को एआरटीओ प्राविधिक बरेली के पद भेजा गया है।


153 अध्यापकों का हुआ स्थानांतरण
लखनऊ। प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत दो प्रधानाचार्य तथा छह प्रधानाध्यापक समेत 24 प्रवक्ता एवं 129 सहायक अध्यापकों का शुक्रवार की देर रात तबादले कर दिए गए। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेन्द्र देव ने बताया कि इसके आवेदन लिए गए थे।

सहायक आयुक्तों के हुए तबादले
लखनऊ। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के कई अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है। आजमगढ़ मंडल के सहायक आयुक्त (खाद्य) विनीत कुमार पांडेय को इसी पद पर बस्ती भेजा गया है। आगरा मंडल के सहायक आयुक्त अखिलेश कुमार जैन को लखनऊ मुख्यालय में तैनाती दी गई है। प्रभुनाथ सिंह को विंध्यांचल मंडल भेजा गया है। शशि मोहन गुप्ता को सहायक आयुक्त सहारनपुर से लखनऊ मुख्यालय भेजा गया है। लखनऊ मंडल के सहायक खाद्य आयुक्त अशोक कुमार सिंह को मुरादाबाद मंडल और वहां से चंद्र किशोर को लखनऊ मंडल लाया गया है।

125 आबकारी निरीक्षकों के तबादले
लखनऊ। आबकारी आयुक्त सेंथिल पांडियन सी. ने जानकारी दी है कि शुक्रवार को आबकारी विभाग में स्थानान्तरण नीति वर्ष 2023-24 में आने वाले 20 प्रतिशत सीमा तक के 125 आबकारी निरीक्षकों का स्थानान्तरण किया गया। आबकारी आयुक्त मुख्यालय प्रयागराज के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में पूर्ण निष्पक्ष प्रक्रिया अपनाते हुए यह तबादले किये गये।

स्वास्थ्य विभाग में तबादलों का सिलसिला स्वास्थ्य विभाग में शुक्रवार को देर रात तक तबादलों का सिलसिला चलता रहा। इसमें लेवल-1, 2, 3 व 4 के चिकित्साधिकारियों से लेकर डेंटल सर्जन व अन्य संवर्गों के कर्मचारी शामिल हैं। स्थानांतरित होने वालों में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, लेवल-1 के 102, डेंटल सर्जन-47 सहित अन्य संवर्गों के कर्मचारी शामिल हैं।


बेसिक शिक्षा 56 बीएसए के तबादले
लखनऊ। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव प्रताप सिंह बघेल राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान(एसआईईटी) के निदेशक बनाए गए हैं। कुछ दिन पूर्व हुई पदोन्नति के बाद उन्हें यह कार्यभार सौंपा गया है। हालांकि बघेल के पास अब अतिरिक्त कार्यभार के रूप में सचिव बेसिक शिक्षा परिषद का पद भी रहेगा। इसी प्रकार से पदोन्नति के बाद पदस्थापन की बाट जोह रहे संजय यादव को अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) पद पर तैनाती दी गई है। इसके अलावा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्तर के 56 अन्य अधिकारियों का भी तबादला किया गया है।