UpdateMarts
Follow Channel

02 November 2023

सीबीएसई का दफ्तर यूएई में खुलेगा प्रधान

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को बताया कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) जल्द संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में अपना कार्यालय खोलेगा। मंत्री ने यह घोषणा अबू धाबी की तीन-दिवसीय यात्रा के दौरान की। प्रधान ने अबू धाबी में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, यूएई-भारत के रिश्ते आज बहुत अच्छी स्थिति में हैं।



रणनीतिक साझेदारी में, विशेषकर शिक्षा और कौशल में, भारत और यूएई के बीच मजबूत संबंध हैं। यूएई में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की शाखा भी खोल रहे हैं। भारत के कई प्रमुख विश्वविद्यालय पहले ही यहां कार्य कर रहे हैं।


उन्होंने कहा, निकट भविष्य में और भी विश्वविद्यालय आ सकते हैं। भारत के प्रमुख राष्ट्रीय शिक्षा बोर्ड सीबीएसई के 100 से अधिक स्कूल यूएई में कार्यरत हैं। हम जल्द यहां एक सीबीएसई कार्यालय खोलने जा रहे हैं। यूएई की अपनी तीन-दिवसीय यात्रा के पहले दिन मंत्री ने बुधवार को यूएई के शिक्षा मंत्री अहमद अल फलासी से मुलाकात की। छात्र-शिक्षकों की आवाजाही एवं विभिन्न अन्य पहलों को सुगम बनाने वाले मौजूदा शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किया।


प्रधान ने कहा कि यूएई वैश्विक आर्थिक केंद्र है और भारत एक वैश्विक प्रतिभा केंद्र, दोनों पक्षों को अपने सभ्यतागत जुड़ाव को मजबूत करने के लिए एक ज्ञान सेतु बनाने के वास्ते मिलकर काम करना चाहिए।