विशेष पुनरीक्षण अभियान में अधिकतर पोलिंग बूथ खाली, गैरहाजिर 250 बीएलओ का रोका गया वेतन





प्रयागराज, मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के लिए रविवार को चलाए गए विशेष अभियान में दोपहर तक अधिकतर पोलिंग बूथ खाली रहे। दोपहर दो बजे तक पांच से 10 लोग ही मतदाता सूची में आवेदन के लिए बूथ पर आए। छावनी परिषद कार्यालय स्थित पोलिंग बूथ पर दोपहर तक कोई नहीं पहुंचा था।

ज्यादातर बूथों पर बीएलओ लोगों के आने का इंतजार करते रहे। सिविल लाइंस स्थित ज्वाला देवी सरस्वती शिशु मंदिर में सन्नाटा पसरा था। दोपहर 12 बजे तक नौ लोगों ने बूथ बदलवाने के लिए फॉर्म भरा। दोपहर तीन से चार बजे के बीच लोगों की भीड़ बढ़ी।

नवाब यूसुफ रोड स्थित महर्षि बाल्मीकि इंटर कॉलेज में दोपहर एक बजे तक आठ लोग आए। दोपहर दो बजे छावनी परिषद पोलिंग बूथ में दो महिला बीएलओ लोगों के आने का इंतजार करती रहीं। दोपहर बाद पांच लोग मतदाता सूची में संशोधन के लिए आए। राजरूपपुर अमरनाथ सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दोपहर तीन बजे तक चार लोग पहुंचे। सीएमपी डिग्री कॉलेज में 10 और अल्लापुर के बूथ पर आठ लोग पहुंचे थे।



गैरहाजिर 250 बीएलओ का रोका गया वेतन

मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में अनुपस्थित बीएलओ पर जिला निर्वाचन कार्यालय सख्त हुआ है। रविवार को जिले में चलाए गए अभियान में लगभग 250 बीएलओ अनुपस्थित रहे। सभी पोलिंग बूथों की रिपोर्ट मिलने के बाद अनुपस्थित बीएलओ के वेतन रोकने के साथ नोटिस जारी किया गया है।