ड्यूटी पर 12 स्टाफ, परीक्षा देने नहीं पहुंचा एकमात्र छात्र
प्रयागराज, यूपी बोर्ड की परीक्षा के दौरान सोमवार को एक अजीब वाकया देखने को मिला। सुबह 8:30 से 11:45 बजे की पहली पाली में हाईस्कूल उर्दू और इंटर उर्दू, गुजराती, पंजाबी (गुरुमुखी), बंगला, मराठी, असमी, उड़िया, कन्नड़, सिन्धी, तमिल, तेलुगू, मलयालम, नेपाली की परीक्षा थी। ज्वाला देवी इंटर कॉलेज सिविल लाइंस केंद्र पर इंटरमीडिएट उर्दू में एक छात्र को परीक्षा देनी थी। उसकी परीक्षा कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक विक्रम बहादुर सिंह परिहार समेत एक दर्जन स्टाफ इंतजार करता रहा, लेकिन एकमात्र छात्र भी परीक्षा देने पहुंचा ही नहीं। ईश्वर शरण इंटर कॉलेज में सुबह की पाली में पंजीकृत पांच परीक्षार्थियों में से सभी मौजूद थे। इनकी परीक्षा कराने में एक दर्जन स्टाफ व्यस्त रहा।
बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए 93 प्रतिशत विद्यार्थी: प्रयागराज। यूपी बोर्ड की सोमवार को आयोजित परीक्षा में 93 प्रतिशत छात्र-छात्राएं शामिल हुए। पहली पाली में 3437 केंद्रों पर हाईस्कूल उर्दू एवं इंटर के भाषा विषयों जबकि दूसरी पाली में 5454 केंद्रों पर इंटरमीडिएट मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र, तर्कशास्त्र की परीक्षा कराई गई। पहली पाली में पंजीकृत 70482 परीक्षार्थियों में से 66397 तथा दूसरी पाली में पंजीकृत 1,73,010 परीक्षार्थियों में से 160429 उपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों की परीक्षा में कुल 226826 (93.15 प्रतिशत) परीक्षार्थी उपस्थित रहे।

