Primary ka master news
चौरी (भदोही)। भदोही ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय दुरासी के परिसर से होकर गुजरे हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट शर्किट से उतरे करंट की चपेट में आने से अनुदेशक और 15 बच्चे आंशिक रूप से झुलस गए। विद्यालय का स्मार्ट टीवी, 10 पंखे, सबमर्सिबल पंप और सीपीयू भी जल गया। घटना शनिवार की दोपहर लगभग 2:30 बजे की है।
स्मार्ट क्लास में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। तभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में आग लग गई। बिजली के तार से निकली चिंगारी की चपेट में आने से 15 बच्चे मामूली रूप से झुलस गए। स्मार्ट टीवी का प्लग बोर्ड से
निकालते समय अनुदेशक सुषमा गुप्ता का हाथ झुलस गया। शिक्षकों ने तत्काल बिजली निगम को सूचित करके आपूर्ति बंद कराई। सूचना मिलने पर अभिभावक विद्यालय पहुंचे। बच्चों को सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली। बच्चों के झुलसने की सूचना मिलने के बाद भी न तो शिक्षा विभाग और न ही बिजली निगम का कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा। सोमवार को झुलसे पांच बच्चे विद्यालय नहीं आए। प्रधानाध्यापक प्रभात रंजन ने बताया कि 15 बच्चे आंशिक रूप से झुलसे हैं। मामले की जानकारी विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है।
आठ महीने पहले स्कूल में गिरा था हाईटेंशन तार
दुरांसी में स्कूल परिसर से गुजरे 440 वोल्ट के तार को हटाने के लिए शिक्षा विभाग ने कई बार पत्र भेजा है।
प्रधानाध्यापक प्रभात रंजन ने बताया कि जुलाई 2025 में हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया था। उस दौरान आग लगने से पेड़ जल गया था। उधर, कंपोजिट विद्यालय दुरांसी में शनिवार को हुई घटना के बाद अभिभावक चिंतित हो गए हैं। कुछ बच्चों के अभिभावकों ने बच्चों को विद्यालय भेजने से इन्कार कर दिया है। घटना के समय विद्यालय में लगे पांच केवीए का ट्रांसफॉर्मर भी जल गया है।

