प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की कोशिश हो रही है। समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के तहत कक्षा नौ से 12 तक गणित और विज्ञान पढ़ाने वाले 250 शिक्षकों को 23-24 अप्रैल को नोएडा स्थित गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी में आयोजित होने वाली विशेष वर्कशाप में प्रतिभाग के लिए नामित किया गया है।
यह वर्कशाप इंपावरिंग डिजिटल टीचिंग एंड लर्निंग प्रैक्टिकल स्टेम एजुकेशन फार इंडियन क्लासरूम विषय पर आयोजित होगी। इसमें प्रदेश के विभिन्न राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के चयनित शिक्षक भाग लेकर डिजिटल टीचिंग और प्रैक्टिकल स्टेम शिक्षा के नए तरीकों को सीखेंगे।
इसका उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक तकनीकों से लैस करना है, ताकि वे कक्षा में छात्रों को अधिक प्रभावी, प्रयोगात्मक और डिजिटल तरीके से पढ़ा सकें। इससे छात्रों में विज्ञान और गणित के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी समझ को भी मजबूत किया जा सकेगा।

