17 April 2026

तैयारी: संस्कृत विद्यालयों के क्लासरूम हाईटेक होंगे

 तैयारी

संस्कृत विद्यालयों के क्लासरूम हाईटेक होंगे



लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी के ड्रीम प्रोजेक्टों में से एक आवासीय संस्कृत विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं वाले निजी स्कूलों की तर्ज पर चलाया जाएगा।


इन सभी आवासीय संस्कृत विद्यालयों को हाईटेक सुविधाओं से लैस किया जाएगा और उसके पूरे परिसर को संस्कृतनिष्ठ वातावरण में ढ़ाला जाएगा। इन विधालयों को सुविधा सम्पन्न बनाने में सरकार कोई कोताही नहीं बरतेगी। क्लासरूम से लेकर हॉस्टल, कैंटीन और खेल के मैदान तक को आधुनिक साजो सामान से परिपूर्ण किया जाएगा।


प्रदेश में खुलेंगे नए 11 आवासीय संस्कृत विद्यालय

प्रदेश में संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 11 आवासीय संस्कृत विद्यालय स्थापित किए जाने हैं जो श्रम विभाग द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालयों की तर्ज पर होंगे लेकिन संस्कृत विद्यालयों का स्वरूप पूरी तरह से आधुनिक शिक्षा पर आधारित होगा। यहां स्मार्ट तरीके से शिक्षा दी जाएगी।


प्रदेश में हैं 1296 संस्कृत विद्यालय

प्रदेश में 1296 संस्कृत विद्यालय संचालित हैं। पिछले सत्र में 107 संस्कृत विद्यालयों को नई मान्यता प्रदान की गई है। इनमें संस्कृत शिक्षा के रूप में पौरोहित्य, व्यवहारिक वास्तु, ज्योतिष पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं।


हॉस्टल से लेकर खेल परिसर तक होंगे मॉडर्न


विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट के अनुसार अलग-अलग जिलों में बनने वाले सभी 11 संस्कृत विद्यालयों के परिसर में कक्षाओं के लिए तीन मंजिला भवन के अलावा, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों के आवास एवं विद्यार्थियों के हॉस्टल सहित अन्य जरूरी संसाधन होंगे। यह सभी अंतराष्ट्रीय मानकों के अनुसार होंगे। साथ ही विद्यार्थियों के मनोरंजन, योगाभ्यास एवं खेल-कूद के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित जॉगिंग ट्रैक वाले मैदान एवं इंडोर हॉल, जिम, स्वीमिंग पूल होंगे।