लखनऊ। शिक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन इस बार बेहतर रहा है। पिछले चार साल में 14 हजार से अधिक बच्चे इस परीक्षा में पास कर 1000 रुपये महीने की छात्रवृत्ति प्राप्त कर रहे हैं। इस क्रम में बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक 19 अप्रैल को सम्मानित किए जाएंगे।
कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन (सीटीई) के प्राचार्य अजय कुमार सिंह ने बताया कि राजधानी स्थित रानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में कुल 409 शिक्षक सम्मानित किए जाएंगे। ये वे शिक्षक हैं जिनके विद्यालयों के पांच या पांच से अधिक छात्रों का इस परीक्षा में चयन हुआ है। उन्होंने सभी बीएसए व डीआईओएस से यह भी कहा है कि यदि ऐसा कोई विद्यालय है जिनके 5 या 5 से अधिक बच्चे इस योजना में चयनित हुए हैं। इनके बारे में सूचना देंगे तो परीक्षण के बाद उनका नाम भी सम्मान सूची में जोड़ा जाएगा। बता दें कि प्रदेश के राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों व परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा आठ में पढ़ने वाले बच्चे छात्रवृत्ति परीक्षा में शामिल होते हैं। इस परीक्षा में सफल छात्रों को उनकी कक्षा 9 से 12 तक पढ़ाई के लिए हर महीने 1000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है। इस बच्चों को बेहतर करने के लिए प्रेरित करने वाले शिक्षकों का
सम्मान किया जाएगा। ब्यूरो

