04 April 2026

परिषदीय स्कूलों का कैलेंडर जारी, तकनीकी शिक्षा पर जोर

 


प्रयागराज। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों के लिए शैक्षिक सत्र 2026-27 का एकेडमिक कैलेंडर जारी कर दिया गया है। सचिव बेसिक शिक्षा सुरेंद्र कुमार तिवारी ने जारी कैलेंडर में शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी और डिजिटल बनाने पर विशेष जोर दिया है।



कैलेंडर में छठवीं से आठवीं तक के लिए प्रत्येक कालांश में कम से कम 10 मिनट आईसीटी (सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी) आधारित शिक्षण को अनिवार्य किया गया है। अप्रैल माह में 'स्कूल चलो अभियान' 15 अप्रैल तक चलाने, 'नया सवेरा' सत्र का आयोजन करने और पहली कक्षा के लिए 'विद्या प्रवेश' कार्यक्रम शुरू करने को कहा गया है।


पहली से तीसरी के बच्चों के लिए कार्य पुस्तिकाओं में दिए गए


साप्ताहिक आकलन 'मैंने सीख लिया' को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों से फोन पर संपर्क और आवश्यकतानुसार घर जाकर विजिट करने के निर्देश दिए गए हैं। अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणाम प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। छठवीं से आठवीं में विज्ञान विषय के अंतर्गत विज्ञान निर्माण गतिविधियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन को बढ़ावा देने के निर्देश हैं।


ओडीओपी और पीएमश्री विद्यालयों के अंतर्गत निर्धारित 22 प्रकार की गतिविधियों को विद्यालयों में संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके अलावा महापुरुषों की जयंती, शिक्षक दिवस, हिंदी दिवस जैसे विभिन्न आयोजनों को मनाने के लिए अनिवार्य किया गया है