गंजमुरादाबाद। हीरामनपुरवा प्राथमिक स्कूल में मिड-डे मील के लिए लकड़ी न लाने पर प्रधान शिक्षक पर छात्र को पीटने का आरोप लगा था। गया। मामले में प्रधान शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दो अप्रैल को बीईओ ने स्कूल में जांच की और आरोपों को सही पाया।
बांगरमऊ के रबड़ी गांव निवासी ने एक अप्रैल को पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि प्रधान शिक्षक शिशिर यादव ने बेटे को पीटा। बेटा टीसी लेने आया था और उससे लकड़ी लाने के लिए कहा था। लकड़ी न लाने पर उसे पीटा गया। बीईओ देवेंद्र सिंह ने स्कूल पहुंचकर पीड़ित अभिभावक और बच्चे के बयान लिए। प्रधान शिक्षक, अन्य शिक्षकों और रसोइयों के भी बयान दर्ज हुए। रसोइयों ने बताया कि एक माह से मिड-डे मील चूल्हे पर बन रहा है।
रसोइयों ने बताया कि विद्यालय में सिलिंडर नहीं है। प्रधान शिक्षक उसे लाने का प्रयास नहीं कर रहे थे। छात्रों को रोजाना जंगल भेजकर लकड़ी बिनवाई जा रही थी। एमडीएम भी मानक के अनुसार नहीं बन रहा था। बीईओ ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामेश्वर कुशवाहा से भी जानकारी ली। प्रधान शिक्षक शिशिर पर लापरवाही, छात्रों से लकड़ी बिनवाने और मारपीट के आरोप सिद्ध हुए हैं। कार्रवाई के लिए जांच रिपोर्ट बीएसए को भेजी गई है।

