ब्रेकिंग न्यूज: ‘शिक्षक दंपति गैंग’ का भंडाफोड़, सरकारी शिक्षक दंपति समेत तीन गिरफ्तार
लखनऊ पुलिस ने नकली सोना बेचकर लोगों को ठगने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गैंग में एक सरकारी शिक्षक दंपति और उनका भाई शामिल हैं, जो लोगों को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर नकली सोने के बिस्कुट थमाकर लाखों रुपये की ठगी करते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से नकली सोना, सिम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
राजधानी लखनऊ में सक्रिय इस हाई-प्रोफाइल गिरोह की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इसके मुख्य आरोपी शिक्षक हैं, जो अपने पेशे का फायदा उठाकर लोगों का भरोसा जीतते थे और फिर उन्हें ठगी का शिकार बनाते थे।
उत्तरी जोन की सर्विलांस टीम और थाना माल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीनों आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी राह चलते लोगों से बातचीत शुरू कर उन्हें भारी मुनाफे का झांसा देते थे और नकली सोना बेच देते थे। उनके पास से 10 नकली सोने के बिस्कुट, 2 नकली गोल्ड चेन, 16 सिम कार्ड और 8 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम कुशमौरा निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि कार सवार बदमाशों ने उसकी स्कूटी से करीब 5 लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से जांच करते हुए 10 अप्रैल की सुबह काकराबाद अंडरपास के पास घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. अफसर, उसकी पत्नी दानिशा फातिमा और भाई मो. अजमल के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि अफसर बदायूं के एक प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक है, जबकि उसकी पत्नी लखनऊ के एक इंटर कॉलेज में शिक्षिका है। अजमल, जो पहले पीओपी का काम करता था, इस गिरोह में उनका सहयोगी था।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित पीड़ितों की तलाश की जा रही है।

