27 June 2026

कस्तूरबा स्कूलों में घटिया निर्माण,संस्था प्रतिबंधित


लखनऊ। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) के निर्माण कार्यों की खराब गुणवत्ता व देरी के कारण उप्र राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीसीएलडीएफ) से भविष्य में निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग को इस कार्यदायी संस्था से भविष्य में काम न लेने का प्रस्ताव भेजा जा रहा है।



महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी की ओर से बीते दिनों केजीबीवी के निर्माण कार्यों को लेकर समीक्षा की गई। सामने आया कि यूपीसीएलडीएफ की ओर से कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। डीएम व बीएसए की ओर से लगातार पत्र भेजकर इस कार्यदायी संस्था के खिलाफ की गईं शिकायतों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि भविष्य में यूपीसीएलडीएफ को निर्माण कार्य के लिए कार्यदायी संस्था नामित नहीं किया जाए।


बनेगी बाउंड्रीवाल: अब छात्राओं की सुरक्षा के लिए 121 केजीबीवी में कुल 40 हजार मीटर बाउंड्रीवाल बनाई जाएगी। इस पर लगभग 80 करोड़ रुपये इस कार्य में खर्च किए जाएंगे।