27 June 2026

प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका ने फांसी लगाकर दी जान

लखीमपुर खीरी। मितौली ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय रौतापुर में तैनात अयोध्या निवासी एक शिक्षिका ने शुक्रवार को किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। क्षेत्राधिकारी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।



जानकारी के अनुसार अयोध्या निवासी प्रियंका यादव (32) वर्ष 2021 से मितौली ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय रौतापुर में सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात थीं। वह मितौली कस्बे में किराए के मकान में रहकर नौकरी कर रही थीं। प्रियंका ने प्रेम विवाह किया था। उनके पति राहुल पंजाब में रहकर नौकरी करते हैं।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आत्मघाती कदम उठाने से पहले प्रियंका की अपने पति राहुल से फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत में क्या हुआ, इसे लेकर पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। घटना के बाद से शिक्षिका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


अयोध्या से काफी दूर रहकर नौकरी कर रही युवा शिक्षिका की इस तरह मौत से शिक्षा विभाग और स्थानीय लोगों में भी शोक की लहर है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।


सूचना पर सीओ यादवेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक महेश पाठक, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, महिला उपनिरीक्षक महिमा पांडे समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।


प्रभारी निरीक्षक महेश पाठक ने बताया कि मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।